दक्षिण अफ्रीका में मिला दुनिया का सबसे बड़ा हीरा, जानिए रोचक कहानी और कीमत
दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में स्थित एक हीरे की खदान से 'कलिनन' (Cullinan) नाम का अब तक का सबसे बड़ा हीरा मिला था। यह बेशकीमती हीरा ब्रिटेन के राजा एडवर्ड VII को उनके जन्मदिन के उपहार के रूप में भेंट किया गया था। दक्षिण अफ्रीका दुनियाभर में अपने सोने, कोयले और हीरे की खदानों के लिए मशहूर है, जहां से बहुमूल्य खनिज निकाले जाते हैं।
1905 में मिला था Cullinan
जनवरी 1905 में दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया स्थित खदान से 3,106 कैरेट का यह अनमोल हीरा खोजा गया। खदान के अधीक्षक फेडरिक वैल्स (Frederick Wells) जब नियमित निरीक्षण पर थे, तभी उन्होंने जमीन से 18 फीट नीचे खदान की दीवार पर कुछ चमकते हुए देखा। करीब जाकर निरीक्षण करने पर उन्हें यह विशाल हीरा मिला। इसका वजन 1.33 पाउंड (0.6 किलोग्राम) था और इसका नाम खदान के मालिक सर थॉमस कलिनन (Sir Thomas Cullinan) के नाम पर रखा गया। इसके बाद यह हीरा ट्रांसवाल प्रांतीय सरकार को बेचा गया, जिसने इसे ब्रिटेन के राजा एडवर्ड VII को उपहार के रूप में भेंट कर दिया।
चोरी से बचाने के लिए अपनाई गई चाल
राजा एडवर्ड VII को डर था कि कहीं दक्षिण अफ्रीका से लंदन ले जाते समय यह अनमोल हीरा चोरी ना हो जाए। इसलिए एक योजना बनाई गई। एक छोटे हीरे को भारी सुरक्षा के बीच एक जहाज से रवाना किया गया, ताकि लोगों का ध्यान भटकाया जा सके। वहीं, असली Cullinan हीरे को एक सादे बॉक्स में एक अन्य छोटे जहाज के जरिए इंग्लैंड भेजा गया।
हीरे की कटाई और ब्लेड का टूटना
Cullinan की कटाई की जिम्मेदारी एम्स्टर्डम की मशहूर एस्चेर डायमंड कंपनी के प्रमुख जोसेफ एसेर को दी गई। जोसेफ ने छह महीने तक इस हीरे का अध्ययन किया। पहली बार जब इसे काटने का प्रयास किया गया, तो स्टील की ब्लेड टूट गई। लेकिन जोसेफ ने धैर्य नहीं खोया और दूसरे प्रयास में हीरे को सफलतापूर्वक काटने में कामयाब रहे।
9 बड़े और 100 छोटे हीरों में बंटा
Cullinan को बाद में 9 बड़े और लगभग 100 छोटे हीरों में काटा गया। आज के समय में पूरे Cullinan हीरे की कीमत लगभग 2 बिलियन डॉलर (करीब 14,000 करोड़ रुपये) आंकी जाती है।
सबसे बड़ा टुकड़ा 'Cullinan I' या 'Star of Africa I' कहलाता है, जो 530 कैरेट का है और यह दुनिया का सबसे बड़ा कटे हुए उच्च गुणवत्ता वाला बेरंग हीरा है।
दूसरा सबसे बड़ा टुकड़ा 'Cullinan II' या 'Star of Africa II' है, जो 317 कैरेट का है।
कहां हैं Cullinan के टुकड़े?
Cullinan I को ब्रिटिश सॉवरेन के राजदंड (Royal Sceptre) में जड़ा गया है, जबकि Cullinan II इंपीरियल स्टेट क्राउन का हिस्सा है। ये दोनों हीरे लंदन के टॉवर ऑफ लंदन में अन्य शाही रत्नों के साथ प्रदर्शित हैं। Cullinan III समेत अन्य टुकड़े भी ब्रिटिश शाही खजाने का हिस्सा हैं।
इस तरह, दक्षिण अफ्रीका की खदान से निकला यह बेशकीमती हीरा आज भी अपनी चमक और ऐतिहासिक महत्व के लिए दुनिया भर में चर्चित है।